लंदन। क्या किसी मकड़ी को देखकर पूरा परिवार घर में कैद हो सकता है? शायद आपका जवाब न होगा, क्योंकि उसे तो आप झाडू से घर के बाहर कर सकते हैं। मगर, क्वींसलैंड के माउंट कूलम में रहने वाली लॉरेन आंसेल के घर में इतनी विशाल मकड़ी निकली कि पूरा परिवार ही उसे देखकर दहशत में आ गया।
घर से सभी सदस्यों ने खिड़की-दरवाजे बंद कर खुद को घर में कैद कर लिया। लॉरेन आंसेल ने फेसबुक पर इस मकड़ी की तस्वीर शेयर की है, जो उनकी डिनर प्लेट से भी बड़ी थी। उन्होंने हैरी पॉटर सीरीज की विशालकाय मकड़ी के नाम पर इसका नाम 'ऐरगॉग' रखा है। आंसेल बताती हैं कि जब अपने पार्टनर के साथ डिनर पका रही थीं, तभी उनकी नजर ग्लास डोर पर गई।

spider 27 07 2017

वहां एक बड़ी सी मकड़ी थी। आंसेल ने फेसबुक पोस्ट में आगे लिखा कि उन्होंने मकड़ी को वहां से हटाने के लिए कई कोशिशें कीं, लेकिन वह तो टस से मस नहीं हो रही थी। उन्होंने अपनी पालतू बिल्ली से भी मकड़ी को डराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं हटी। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया है, जिसमें आंसेल के पार्टनर बिल्ली से मकड़ी को डराकर भगाने की नाकाम कोशिश करते हुए दिख रहे हैं।
हालांकि, कुछ देर बाद वह खुद ही वहां से चली गई और इसके बाद घर के पास नहीं दिखी। मगर, इस घटना से आंसेल इतना डर गईं कि जब तक वह मकड़ी घर के अंदर मौजूद रही, तब तक इन दोनों की घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह उसे मारना नहीं चाहती थीं, वह अभी भी जिंदा है।


उन्होंने कहा कि जब मैंने ऐरगॉग की तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट की, तो मेरे दोस्तों को यकीन ही नहीं हुआ कि वह असली है। आंसेल ने आगे कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में इतनी बड़ी मकड़ी नहीं देखी है। आंसेल ने आगे बताया कि फिलहाल वह मकड़ी बगीचे में है।
Powered by Blogger.