कल्याण डिग्गीपुरी की लक्खी पदयात्रा शुरू

जयपुर। बावनवीं कल्याण डिग्गीपुरी की लक्खी पदयात्रा आज भक्तिभाव और श्रद्धालुओं के गगनभेदी जय जयकारों के बीच रवाना हुई। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ और सांसद राम चरण बोहरा ने एतिहासिक ताड़केश्वर महादेव मंदिर से हरी झंडी दिखाकर पदयात्रियों को रवाना किया। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा थी।

हल्की बारिश के बीच भारी संख्या में मौजूद श्रद्धालु भक्ति भाव से बाजे छे बाजे छे बाजे छे नौबत बाजा म्हारे डिग्गीपुरी का राजा के बोलों का एक स्वर में गायन कर रहे थे। सुबह ताड़केश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में मेले जैसा माहौल बना हुआ था और रंग बिरंगी पौशाक में महिलाएं नाचते गाते हुए पद यात्रा में शामिल हुई।

इस अवसर पर गलतापीठ के पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य ,महामंडलेश्वर पुरूषौतम भारती सहित अनेक साधुसंत भी वहां मौजूद थे। पांच दिवसीय यह पद यात्रा आगामी दो अगस्त को डिग्गी में कल्याणजी के निज मंदिर पहुंचेगी जहां भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी और गंगोत्री से लाए गए गंगाजल से कल्याणजी का अभिषेक किया जाएगा।
Powered by Blogger.