चंडीगढ: स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत के परिवार ने आज पंजाब में गृहनगर मोगा में गुरुद्वारे में तड़के अरदास कर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सफलता की प्रार्थना की जो आज लंदन में इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व कप फाइनल खेलेगी। मोगा स्थित उनके घर में सुबह से ही उनके रिश्तेदारो, दोस्तों और क्रिकेट प्रशंसकों की हलचल है।
कौर के पिता हरमंदर सिंह भुल्लर ने कहा, ''हम टीम को शुभकामनाएं देते है। हम आज सुबह तड़के गुरुद्वारे में गए और टीम की सफलता की प्रार्थना की। हमें पूरी उम्मीद है कि टीम कप के साथ देश लौटेगी।'' क्रिकेटर की मां अपनी बेटी के लौटने के बाद उसका पसंदीदा खाना बनाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा, ''मेरी बेटी को घर का खाना बहुत पसंद है।
उसे भिंडी की सब्जी बहुत पसंद है और उबले आलू की सब्जी भी उसे बहुत भाती है।'' भारत के पूर्व महान बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को हरमनप्रीत अपना आदर्श मानती हैं, उन्होंने भी टीम की सफलता की कामना की। सहवाग ने ट्वीट किया था, ''हरमनप्रीत, आपको और टीम को खेलते हुए देखना सम्मान की बात रही। फाइनल के लिये आपको शुभकामनायें।''