जोहानिसबर्ग : बल्लेबाजों के लिए खतरनाक हो चुकी वांडर्स की पिच पर चौथे दिन तमाम बाधाओं के बाद आखिरकार मैच शुरू हो गया. शुरुआत में हाशिम अमला और डीन एल्गर के बीच हुई शतकीय साझेदारी के कारण लगा कि जीत टीम इंडिया को नहीं मिलेगी. लेकिन हाशिम अमला के आउट होने के बाद कोई भी अफ्रीकी बल्लेबाज टिक नहीं पाया और एक एक कर अफ्रीका ने 161 रनों तक 9 विकेट गंवा दिए. जीत किसी भी क्षण टीम इंडिया की झोली में गिरेगी. इस समय क्रीज पर डीन एल्गर और लुंगी एंगिडी खेल रहे हैं.
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम ने पहला विकेट जल्दी गंवा दिया. हालांकि उसके बाद हाशिम अमला और डीन एल्गर ने टीम इंडिया को काफी देर तक सफलता के लिए तरसा दिया. तीसरे दिन बुमराह की बॉल से घायल हुए एल्गर ने चौथे दिन उस चोट का खूब बदला लिया. एल्गर ने अमला के साथ मिलकर 100 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को मुश्किल से उबार दिया. एल्गर ने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. एल्गर के बाद हाशिम अमला ने भी अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली.
अर्धशतक बनाने के बाद अमला ईशांत शर्मा की गेंद पर आउट हो गए. इसके तुरंत बाद ही एबी डिविलियर्स आउट हो गए. दो लगातार झटकों से भारत की उम्मीदें बढ़ गईं. टी टाइम तक दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट के नुकसान पर 136 रन बना लिए. डीन एल्गर 61 और फाफ डु प्लेसिस बिना खाता खोले खेल रहे हैं. चाय के बाद टीम इंडिया को चौथी कामयाबी ईशांत शर्मा ने दिलाई. उन्होंने डु प्लेसिस को 2 रन पर बोल्ड कर दिया. इसके थोड़ी ही देर में जसप्रीत बुमराह ने डिकॉक को एलबीडब्ल्यू कर अफ्रीका को 5वां झटका दिया. इसके बाद मोहम्मद शमी ने पहले वेर्नोन फिलेंडर और बाद में फुलकवायो को आउट कर मैच में टीम इंडिया को वापस ला खड़ा किया.
इससे पहले मैच बारिश के कारण गीले हुए मैदान के कारण चौथे दिन समय पर शुरू नहीं हो सका. बाद में निर्धारित समय से एक घंटे बाद मैच शुरू हुआ. चौथे दिन भी सुबह बारिश के कारण अाउट फील्ड में पानी भर गया था. तीसरे दिन जब खेल रुका, उस समय यह सवाल उठ रहे थे, कि क्या ये मैच चौथे दिन रद्द हो जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अब भारत के पास ये मैच जीतकर अपने आपको साबित करने का मौका है.
पहला सत्र, हाशिम अमला और डीन एल्गर ने संभाला मोर्चा
दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे मैच के चौथे दिन 17 रन से आगे खेलना शुरू किया. मुश्किल पिच पर 241 रनों का लक्ष्य अफ्रीका के लिए काफी मुश्किल था, लेकिन सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर और हाशिम अमला ने धीरे धीरे कर स्कोर बढ़ाया. भारत के तेज गेंदबाजों की गेंदों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान तो किया, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि जो पिच यहां तीसरे दिन थी, उसके हालात चौथे दिन काफी बदल गए हैं. अफ्रीका ने चौथे दिन लंच तक 241 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 69 रन बनाये. डीन एल्गर 29 और हाशिम अमला 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं. दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये 172 रन चाहिए और उसके नौ विकेट बाकी हैं.
तीसरे दिन असामान्य उछाल ने किया बल्लेबाजों को परेशान
इससे पहले तीसरे दिन पिच पर खड़े होना भी मुश्किल हो गया. असमान उछाल और तेजी के बीच गेंदबाज इस विकेट पर बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले रहे थे. कई बार मैदान पर फिजियोथेरेपिस्ट के दर्शन भी हुए. वाबजूद इसके भारत ने अजिंक्य रहाणे के 48, कप्तान विराट कोहली के 41, भुवनेश्वर कुमार के 33, मुरली विजय के 25 और मोहम्मद शमी के 27 रनों की मदद से दक्षिण अफ्रीका के सामने तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में 241 रनों का लक्ष्य दिया.
लेकिन मैच के तीसरे दिन शुक्रवार के तीसरे सत्र में पिच की खराब स्थिति को देखते हुए अंपायरों ने इस पर चर्चा की और अंत में तकरीबन आधे घंटे पहले दिन का खेल समाप्ति की घोषणा कर दी. दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट के नुकसान पर 8.3 ओवरों में 17 रन बना लिए. पूरे दिन के दौरान कई बार अंपायर पिच को लेकर चर्चा करते दिखे.
यह घोषणा तब हुई जब जसप्रीत बुमराह की एक गेंद असमान उछाल के लेकर मेजबान टीम के सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर (11) के हेलमेट पर जा कर लगी और मैदान पर एक बार फिर फिजियो के दर्शन हुए. इस समय दक्षिण अफ्रीका ने पिच की शिकायत मैदानी अंपायरों से की और मैच रोक दिया गया. इस बीच बारिश ने भी दस्तक दी और इसी बहाने दिन का खेल खत्म करने की औपचारिक घोषणा कर दी गई.
हालांकि यह मैच में पहला मौका नहीं था कि गेंद बल्लेबाजों के शरीर पर लगी और खिलाड़ी चोटिल हुए हैं. एल्गर इससे पहले एक बार अंगूठे पर और एक बार जांघ पर गेंद खा चुके थे. भारतीय पारी के दौरान भी ऐसा कई बार हुआ. मोर्ने मोर्कल की गेंद बुमराह के कंधे पर लगी थी. फिलेंडर की गेंद भुवनेश्वर के शरीर पर जा टकराई थी. रहाणे ने भी कई बार असमान उछाल का सामना किया. बल्लेबाज गेंद को भांपने में गलती कर रहे थे ऐसा विकेट के असमान उछाल के कारण कई बार देखने को मिला.
हालांकि कप्तान कोहली ने ड्रेसिंग रूम से अपने बल्लेबाजों से विकेट पर खड़े रहने और पूरा खेलना को कहा जो उन्होंने किया और मेजबान टीम को एक ऐसा लक्ष्य प्रदान किया जो इस विकेट पर दो दिन का खेल शेष रहने के बाद भी पहुंच से बाहर लग रहा है.
डाउनलोड करें Dainik Khabare APP और रहें हर खबर से अपडेट।
दैनिक खबरे से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए DainikKhabare.Com के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें
Post a Comment
Post a Comment