नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को पहले टी20 मैच को जीतकर भारतीय टीम इतिहास बदलने के इरादे से मैदान में उतरेगी। दुनिया की नंबर वन टीम न्यूजीलैंड इस मैच को जीतकर आशीष नेहरा की विदाई पार्टी को बिगाड़ना चाहेगी।
तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच बुधवार को फिरोजशाह कोटला मैदान में खेला जाएगा। भारत अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ एक भी टी20 मैच नहीं जीत पाया है। इसलिए विराट कोहली के जांबाज इस मैच को जीतकर इतिहास रचने मैदान में उतरेंगे। 38 वर्षीय तेज गेंदबाज नेहरा का यह विदाई मैच है और टीम इंडिया जीत के रूप में उन्हें विदाई का तोहफा देना चाहेगी।
नेहरा इस मैच में खेल सकते हैं, इसके चलते भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह में से किसी एक को आराम मिल सकता है। भारत ने टी20 विशेषज्ञ के रूप में मोहम्मद सिराज और श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया है, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की उम्मीद नहीं है।
न्यूजीलैंड की तरफ से टॉम लाथम ने वनडे सीरीज में जबर्दस्त प्रदर्शन किया, इसके चलते उन्हें टी20 में भी मौका मिलेगा। इस वजह से विकेटकीपर ग्लेन फिलिप्स को बेंच पर बैठना होगा। रॉस टेलर को अंतिम क्षणों में टीम में लिया गया और उनका खेलना भी तय है। स्पिन गेंदबाजी की बागड़ोर मिचेल सेंटनर और इश सोढ़ी के कंधों पर रहेगी।
- भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक 6 टी20 मैच खेले गए। इनमें से न्यूजीलैंड ने 5 मैच जीते जबकि 1 मैच का परिणाम नहीं निकला।
- भारतीय कप्तान विराट कोहली 38 रन और बनाते ही अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे क्रम पर पहुंच जाएंगे। अभी वे ब्रेंडन मॅक्कुलम और तिलकरत्ने दिलशान से पीछे हैं।
टीमें (संभावित) - भारत : शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), दिनेश कार्तिक, मनीष पांडे, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार/जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, युजवेंद्र चहल।
न्यूजीलैंड : मार्टिन गप्टिल, केन विलियम्सन (कप्तान), कोलिन मुनरो, रॉस टेलर, टॉम लाथम, हैनरी निकोल्स, कोलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी, इश सोढ़ी।
डाउनलोड करें Dainik Khabare APP और रहें हर खबर से अपडेट।
दैनिक खबरे से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए DainikKhabare के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें
Post a Comment
Post a Comment