पुणे। भुवनेश्वर कुमार (45 रन पर तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (68) और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (नाबाद64) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से शिकस्त देकर शृंखला में 1-1 की बराबरी कर ली है।
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड टीम निर्धारत ओवरों में नौ विकेट पर केवल 230 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ने 46 ओवरों में 4 विकेट पर 232 रन बनाकर जीत हासिल की। भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने भी 29 रन का योगदान दिया। वहीं पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने नाबाद रन बनाए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह ने 27 रन तक तीन विकेट लेकर कीवी टीम को झकझोर दिया। इसके बाद मेहमान टीम को लगातार संघर्ष करना पड़ा।
लांकि मध्यक्रम में पिछले मैच के शतकधारी टॉम लाथम ने 38, हेनरी निकोल्स ने 42, कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 41, मिशेल सेंटनेर ने 29 और 10वें नंबर के बल्लेबाज टिम साउथी ने नाबाद 25 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 230 तक पहुंचाया।
भुवनेश्वर ने 10 ओवर में 45 रन पर तीन विकेट, बुमराह ने 10 ओवर में 38 रन पर दो विकेट, लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने आठ ओवर में 36 रन पर दो विकेट, इस मैच में कुलदीप की जगह शामिल किए गए लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल ने 10 ओवर में 54 रन पर एक विकेट और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने चार ओवर में 23 रन पर एक विकेट लेकर कीवियों पर लगाम लगा दी।
भुवनेश्वर ने ओपनर मार्टिन गुप्टिल (11) को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच कराया और फिर कॉलिन मुनरो (10) को बोल्ड कर दिया। बुमराह ने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन (तीन) को पगबाधा किया। विलियम्सन ने इस फैसले के खिलाफ रेफरल लिया, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ।
पांड्या ने रॉस टेलर(21) को आउट कर न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 58 कर दिया। लाथम और निकोल्स ने फिर पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। न्यूजीलैंड की पारी पटरी पर लौट रही थी कि पटेल ने लाथम को बोल्ड कर दिया।
न्यूजीलैंड के आठ विकेट 188 रन तक गिर गए। चहल ने ग्रैंडहोम और मिलने के विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर ने निकोल्स और बुमराह ने सेंटनर को आउट किया। टिम साउथी ने सेंटनर के साथ नौवें विकेट के लिए 32 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की जिससे न्यूजीलैंड 230 तक पहुंच गया।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह वनडे शुरू होने से पहले यह खबर आने से तहलका मच गया कि पिच क्यूरेटर पांडुरंग सलगांवकर पर पिच से छेड़छाड़ करने और उसकी जानकारी देने के आरोप लगे हैं। हालांकि सेंटर पिच को बाद में चुना गया और इस पर मैच खेला गया। चलते मैच के दौरान फिर यह खबर आई कि बीसीसीआई ने सलगांवकर को बर्खास्त कर दिया है।
Post a Comment
Post a Comment