दुनिया के कई देशों में बच्चे 48 घंटों के लिए अपने घरों से गायब हो रहे हैं और इसकी वजह भी अजीब है. बच्चे फेसबुक के एक नए चैलेंज को पूरा करने के लिए 48 घंटों के लिए घरों से गायब रहे हैं. इस घटना ने बच्चों के पैरेंट्स की चिंता बढ़ा दी है.
वायरल हो रहे इस चैलेंज का नाम '48 आवर चैलेंज' है. इस चैलेंज में बच्चे जितनी देरी तक छिपे रहते हैं और सोशल मीडिया पर उनका जितना अधिक जिक्र होता है, उन्हें उतना ऊंचा स्कोर मिलता है.
पैरेंट्स की चिंता बढ़ा रहा यह चैलेंज गेम
इस चैलेंज के तहत घर से गायब हुए एक बच्चे की मां ने बताया, "जैसे ही हमें उसके गायब होने का पता चला, हमारे दिमाग में कई तरह की आंशकाएं घर कर गईं. हमें लगा कि कहीं उसके साथ कुछ बुरा तो नहीं हो गया है. किसी ने उसे किडनैप तो नहीं कर लिया या उसके साथ कोई हादसा तो नहीं हो गया." उन्होंने कहा कि अगर यह सोशल मीडिया पर चल रहा कोई खराब गेम है, तो यह पैरेंट्स की चिंता बढ़ा रहा है.
सोशल मीडिया पर बढ़ रहा ऐसे गेम्स का चलन
सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड दो साल बाद लौटा है. इससे पहले, 72 आवर चैलेंज वायरल हुआ था और इसने दुनिया भर के पैरेंट्स की चिंता बढ़ा दी थी. हालिया सालों में फेसबुक और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर टीनएजर्स के लिए ऐसे खतरनाक और अपरिपक्व गेम का चलन बढ़ा है. पिछले दिनों डक्ट टेप चैलेंज भी सुर्खियों में रहा था. इस चैलेंज में एक बच्चा दूसरे बच्चे को टेप से पूरी तरह से बांध देता था और इसके बाद वह बच्चा टेप की जकड़ से बाहर निकलने की कोशिश करता है. इस चैलेंज में वॉशिंगटन के एक बच्चे की आंख को नुकसान पहुंचा था और उसकी आंखों की रोशनी चली गई थी.
अजब-गजब चैलेंज
इससे पहले, सोशल मीडिया पर सिनामन (दालचीनी) चैलेंज वायरल हुआ था, जिसमें लोग एक चम्मच दालचीनी पाउडर खाने की कोशिश करते हैं. हालांकि, इससे जुड़े वीडियोज काफी फनी थे, लेकिन डॉक्टरों ने चेताया था कि ऐसा चैलेंज आपके फेफड़ों को काफी नुकसान पहुंच सकता है. इसी तरह, साल्ट और आइस चैलेंज भी पॉपुलर रहा, जिसमें लोग एक ही मुठ्ठी में नमक और बर्फ को रखते थे और जो इसे जितने अधिक समय तक मुठ्ठी में रख पाता था, वहीं विजेता होता था.
Post a Comment
Post a Comment