पुणे। पहले वनडे मैच में मिली अप्रत्याशित हार के बाद विराट कोहली की टीम इंडिया पर बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में ज्यादा दबाव है। पिछली छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम को हालिया समय में अपनी सरजमीं पर ऐसे हालात का सामना कम ही करना पड़ा है जब उसे सीरीज बचाने के लिए करो या मरो का मुकाबला खेलना है।
ज्यादातर क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद नहीं थी कि न्यूजीलैंड टीम वानखेड़े स्टेडियम पर पहले मैच में भारत को हरा देगी लेकिन ऐसा हुआ। अब बुधवार को विराट की टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज को जीवंत रखने के लिए उतरेगी। अगर भारत यह मैच हारता है तो न्यूजीलैंड पहली बार उसकी सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतेगी। कोहली पर टिकी नजरें रॉस टेलर और टॉम लाथम के बीच 200 रन की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने पिछले मैच में भारत को छह विकेट से हराया था। उन्होंने स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को बड़े आराम से खेला।
वहीं भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के अलावा कोई बल्लेबाज ज्यादा सफल नहीं दिखाई दिया। पिछले मैच में फेल सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और रोहित शर्मा को ट्रेंट बोल्ट की स्विंग और सटीकता का सामना करने के तरीके खोजने होंगे। भारतीय कप्तान अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगे। उन्होंने जनवरी में इस मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली थी। वह इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
चौथा नंबर चिंता का विषय : चौथा नंबर टीम प्रबंधन के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। 2015 के बाद से इस नंबर पर अब तक 11 बल्लेबाजों को आजमाया जा चुका है। पिछले मैच में केदार जाधव इस नंबर पर उतरे लेकिन लेकिन नाकाम रहे। पांचवें नंबर पर आए दिनेश कार्तिक ने वापसी के मैच में कप्तान कोहली के साथ 73 रन जोड़े लेकिन फिर अपना विकेट गंवा बैठे। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो 20 से अधिक ओवर बाकी थे लेकिन वह 42 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हो गए।
गेंदबाजी में चहल और यादव ने मिलकर 125 रन दे डाले और सिर्फ एक विकेट लिया। दोनों अपनी गलतियों को सुधारकर बेहतर प्रदर्शन करने उतरेंगे। उन्हें लाथम को स्वीप और रिवर्स स्वीप शॉट खेलने से भी रोकना होगा। तेज गेंदबाजों में कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि पिछले मैच में मेहमानों के दो तेज गेंदबाजों ने मिलकर सात विकेट निकाले थे जबकि भारत की तेज गेंदबाजों की तिकड़ी 158 रन लुटाकर तीन विकेट ही निकाल पाई थी।
कीवियों के हौसले बुलंद : शानदार जीत के बाद मेहमान टीम के हौसले बुलंद हैं। कप्तान केन विलियमसन अभ्यास मैच और पहले वनडे में रन नहीं बना सके। वह बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। मार्टिन गप्टिल और कोलिन मुनरो अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में नहीं बदल सके थे और इस गलती को यहां सुधारना चाहेंगे। कीवी टीम मिशेल सेंटनेर के साथ ईश सोढ़ी के रूप में दूसरा स्पिनर उतार सकती है।
टीमें (संभावित) - भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, एमएस धोनी, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्व कुमार।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, कोलिन मुनरो, रॉस टेलर, टॉम लाथम, हेनरी निकोल्स, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डे ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, एडम मिल्ने, टिम साउदी।
सीमित ओवरों के मैच में भुवी, बुमराह पहली पसंद : भरत
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने बुधवार को कहा कि मोहम्मद शमी और उमेश यादव टेस्ट मैचों के लिए उनकी पहली पसंद हैं जबकि भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह सीमित ओवरों के फॉर्मेट के लिए पहले विकल्प होंगे।
भरत ने कहा कि भुवी और बुमराह बेजोड़ हैं और उनके पास सीमित ओवरों के क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हर तरह की प्रतिभा है। भारत जितनी ज्यादा क्रिकेट खेल रहा है उसे देखते हुए यह बेहद जरूरी है कि हमारे पास गेंदबाजों का समूह हो ताकि हम जो भी मैच खेलें उसमें वे तरोताजा होकर उतरें। भरत ने कहा कि चहल और कुलदीप ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और विश्व कप के लिए टीम का चयन करने से पहले हम उन्हें अच्छी तरह से परखना चाहते हैं। अब तक उनका प्रदर्शन बेजोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विराट इसलिए अभ्यास करने नहीं आए क्योंकि आज वैकल्पिक अभ्यास था।
नंबर गेम
  • पहली बार न्यूजीलैंड के पास भारतीय जमीन पर वनडे सीरीज जीतने का मौका है। 
  • 05 वनडे सीरीज न्यूजीलैंड ने यहां खेली हैं और पांचों हारी हैं। भारत ने 1988 में 4-0, 1995 में 3-2, 1999 में 3-2, 2010 में 5-0 और 2016 में 3-2 से जीत हासिल की
  • 12 वनडे सीरीज दोनों के खिलाफ अब तक हुईं इनमें से भारत ने छह तो कीवी ने चार जीती हैं। दो सीरीज ड्रॉ रहीं
  • 2016 में जून के बाद से भारत लगातार छह वनडे सीरीज जीत चुकी है। अगर मेजबान टीम पुणे वनडे हार जाती है तो उसका ना हारने का रिकॉर्ड टूट जाएगा।
  • 02 वनडे भारत ने पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले हैं जिसमें एक जीता और एक हारा। इन दोनों टीमों के बीच इस स्टेडियम में पहला मुकाबला होगा।

Post a Comment

Powered by Blogger.