
मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर एस. एस. मूंदड़ा ने बैंकों से खाता संख्या पोर्टबिलिटी की दिशा में काम करने के लिए कहा है क्योंकि इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उपभोक्ता सेवाएं बेहतर होंगी।
बैंकिंग लोक प्रहरियों के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मूंदड़ा ने कहा कि बैंकों को तकनीकी रूप से दक्ष नई पीढ़ी के ग्राहकों को और अधिक विकल्प उपलब्ध कराने चाहिए।
मूंदड़ा के हवाले से रिजर्व बैंक ने एक विज्ञप्ति में कहा, एक ऐसा परिदृश्य उभर रहा है जिसमें अगर सेवा को लेकर किसी तरह के असंतोष की बात हुई तो ग्राहक चुपचाप एक संस्थान से दूसरे संस्थान की ओर खिसक सकता है।
मूंदड़ा ने कहा कि इससे खाता संख्या की पोर्टबिलिटी की संभावना बलवती हो रही है। इसलिए बैंकों को इस दिशा में काम करना चाहिए।
उन्होंने चेक बक्सों से चेक गायब होने की शिकायत पर भी गौर फरमाया और सुझाव दिया कि इस स्थिति में ग्राहक को तत्काल मुआवजा दिया जाना चाहिए।
Post a Comment
Post a Comment