ग्लास्गो: रिओ ओलंपिक के मलाल को एक बार फिर पीवी सिंधु दूर नहीं कर पाई और वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
जापान की नोजोमी ओकुहारा ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में भारत की पी.वी. सिंधु को हराते हुए वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल में ओकुहारा ने सिंधु को 21-19, 20-22, 22-20 से मात दी. हालांकि देश की 22 साल की इस युवा स्टार ने मैच में पूरी जान लगा दी लेकिन अंतिम कुछ मिनटों में मैच जापान की खिलाड़ी के पक्ष में झुक गया. यह मैच एक घंटे 50 मिनट तक चला.
यह दोनों की बीच सातवीं भिड़ंत थी, जिसमें ओकुहारा ने चौथी बार जीत दर्ज की है. ओकुहारा जापान के लिए वर्ल्ड चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली महिला हैं.
भारत को पहली बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप में दो पदक मिले हैं.
सिंधु से पहले सायना ने शनिवार को कांस्य पर कब्जा जमाया था. वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में इससे पहले सायना को भी ओकुहारा ने ही हराया था.
अगर सिंधु यह मैच जीत जातीं तों वह भारत को इस चैम्पियनशिप में पहला स्वर्ण दिलाने वाली खिलाड़ी बन जातीं.
Post a Comment
Post a Comment