देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में हाल ही में 14 वर्षीय एक लड़के ने ऑनलाइन गेम ब्लू व्हेल चैलेंज के अंतिम चरण को पूरा करने के लिए सातवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी. अब मध्य प्रदेश के इंदौर शहर का एक छात्र भी इस जानलेवा गेम का शिकार होते-होते बचा.
सातवीं कक्षा का यह छात्र गेम की आखिरी स्टेज को पूरा करने के लिए स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा रहा था, तभी उसे टीचर ने सुरक्षित बचा लिया.
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, चमेली देवी स्कूल के सातवीं कक्षा का यह छात्र गुरुवार 'ब्लू व्हेल चैलेंज' के 50वें चरण को पूरा करने के लिए तीसरी मंजिल से नीचे कूद रहा था. ऐसा करने पर उसे दो करोड़ रुपए मिलने का दावा किया गया था.
क्या है ब्लू व्हेल चैलेंज गेम
यह गेम किशोरों को चैलेंज पूरा करने के लिए उकसाता है. गेम खेलने वाले को टास्क की सीरीज पूरी करनी होती है. अंत में जो मौत को गले लगाता है उसकी जीत होती है. इस सुसाइड गेम के कई नाम हैं. इनमें 'अ साइलेंट हाउस', 'अ सी ऑफ व्हेल्स' और 'वेक अप मी एट 4.20 एम' शामिल है. गेम के टास्क को 50 दिन में पूरा करना होता है.
'सुसाइड गेम' को लेकर वार्निंग जारी
'ब्लू व्हेल चैलेंज' गेम ने दुनियाभर में तहलका मचाया हुआ है. यह गेम बच्चों को आत्महत्या के लिए उकसा रहा है. इसे खेलने वाले किशोर जीत के लिए मौत को गले लगा रहे हैं. रूस, अमेरिका और यूरोप में पुलिस ने इस 'सुसाइड गेम' को लेकर वार्निंग जारी की है. अभिभावकों को बच्चों पर नजर रखने की नसीहत दी जा रही है. सोशल मीडिया के जरिए जागरुकता फैलाई जा रही है.
अकेले रूस में ही 'ब्लू व्हेल चैलेंज' गेम ने 130 किशोरों का जीवन लील लिया है. इन्वेस्टिगेटिव न्यूजपेपर 'नोवा गाज़ेटा' के मुताबिक, इन किशोरों ने नवंबर 2015 से अप्रैल 2016 के बीच खुदकुशी की है. सभी किशोर 'ब्लू व्हेल चैलेंज' ग्रुप के मेबर्स थे.

ऐसे सुर्खियों में आया ये गेम
रूस में दो स्कूली लड़कियों ने 14 मंजिला अपार्टमेंट से कूदकर खुदकुशी कर ली थी. दोनों की उम्र 15 व 16 साल की थी. कूदने से पहले इंस्टाग्राम पर 'ब्लू व्हेल चैलेंज' की पिक्चर्स डाली थी. इसके बाद हजारों की तादाद में #BlueWhaleChallenge के साथ इस तस्वीर को शेयर किया गया. लड़कियों का नाम यूलिया कॉन्स्टेंटिनोवा व वेरोनिका वोल्कोवा था.
किसने बनाया है ये गेम
ब्लू चैलेंज गेम को फिलिप बुदेइकिन ने बनाया है. उन्हें इसके लिए पिछले महीने तीन साल की जेल हुई है.फिलिप रूस के रहने वाले हैं. उनकी उम्र 22 साल है.
Post a Comment
Post a Comment