| शर्मनाक: बच्चों की मौत पर रो रहा है प्रदेश, इधर देखे बीजेपी के मंच पर बारबालाओं के ठुमके |
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एक तरफ जहां अस्पताल और जिला प्रशासन की लापरवाही से 35 बच्चों सहित 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पूरा प्रदेश गमजदा है, योगी सरकार के पास जवाब नहीं है. लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं को कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्हें बस बार बालाओं के ठुमकों का आनंद लेना था.
भीड़ जुटाने के लिए बार बालाओं का सहारा
शामली में बीजेपी सांसद हुकम सिंह के स्वागत समारोह में भीड़ इकट्ठा करने के लिए बार बालाओं का सहारा लिया गया. स्वागत समारोह में बार बालाओं ने जमकर अश्लील डांस किया. जब इस डांस के विषय पर बीजेपी सांसद हुकुम सिंह से पूछा गया तो वे बगले झांकते नजर आए. इस कार्यक्रम में हुकुम सिंह के अलावा उनकी पुत्री मृगांका सिंह भी मंच पर मौजूद रही.
यह कार्यक्रम जनपद शामली के थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव मसूरा में आयोजित किया गया था. जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने भीड़ इकट्ठी करने के लिए किराए की बार बालाओं का इंतजाम किया था. इस दौरान बार बालाओं ने मंच पर जमकर ठुमके लगाए और अश्लील डांस किया. यह स्वागत समारोह बीजेपी के कैराना से सांसद हुकुम सिंह और उनकी पुत्री मृगांका सिंह के सम्मान में आयोजित किया गया था.
बीजेपी के मंच पर ठुमके
शामली के भाजपा कार्यकर्ता शायद यह भूल गए कि गोरखपुर में लगातार हो रही बच्चों की मौत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से लेकर तमाम आमजन गमजदा है. लेकिन ये कार्यकर्ता बीजेपी के राजनीतिक मंच के कार्यक्रम में बार बालाओं को नचा करा रहे हैं.
बीजेपी सांसद ने किया डांस न होने का दावा
इस बारे में जब बीजेपी सांसद हुकुम सिंह से बात की गई तो उन्होंने मंच पर कोई डांस ना होने का दावा कर दिया. लेकिन वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे बार बालाएं बीजेपी के मंच पर अश्लील डांस कर रही थीं. संस्कृति, सभ्यता और सुशासन का दम भरने वाले बीजेपी कार्यकर्ता थोड़े से भी संवेदनशील न हो पाए. जिस तरह शामली में बीजेपी के मंच पर ठुमके लगे उसने गोरखपुर में हुई बच्चों की मौत का मजाक उड़ाया है. यह पूरी तरह शर्मसार कर देने वाला मामला है.
देखिये वीडियो
वीडियो सोर्स: uttarpradesh.org
Post a Comment
Post a Comment