Home
Crime
up
बेटे के पहले बर्थडे पर केक लेकर जा रहे युवक की हत्या, दूसरे समुदाय की युवती से की थी लव मैरिज
बेटे के जन्मदिन पर केक लेकर जा रहे युवक नसीम की कुछ हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उसने दो साल पहले कस्बे की ही दूसरे समुदाय की एक युवती से शादी की थी। हत्या का आरोप युवती के परिवारीजनों पर लग रहा है। घटना से आक्रोशित नसीम के परिवार वालों और समुदाय के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लक्सर-भोकरहेड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया।
एसएसपी अनंत देव तिवारी ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। तनाव के चलते आरोपी के घर और कस्बे में पीएसी तैनात कर दी गई है। आला अधिकारी भी कस्बे में कैंप किए हुए हैं। यह मामला मोरना (मुजफ्फरनगर) कस्बा भोकरहेड़ी का है।
नसीम (24) पुत्र तसलीम थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला पठानान का रहने वाला था और कपड़ा व्यापारी था। सोमवार को उसके पुत्र अब्दुल्ला का पहला जन्म दिन था। घटना के वक्त नसीम अपने चचेरे भाई कादर खान के साथ मोरना से केक खरीद कर बाइक से लौट रहा था। दोनों सरकारी ट्यूबवेल के सामने पहुंचे तभी घात लगाए बदमाशों ने बाइक के सामने साइकिल गिरा दी। बाइक रुकते ही आधा दर्जन हमलावरों ने तमंचे, धारदार हथियारों और डंडों से नसीम पर हमला कर दिया। कादर खान भागकर नजदीक के ईंट भट्ठे में जाकर छिप गया।
हमलावरों ने नसीम को गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर इंटर कॉलेज के ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहे युवक घटनास्थल की ओर दौड पड़े, हमलावर जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने जैसे ही शव को उठाने का प्रयास किया तो ग्रामीण भड़क गए और पुलिस से शव छीन लिया। भोपा सीओ मोहम्मद रिजवान और थानाध्यक्ष भोपा ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते शादी करना ही नसीम की हत्या कारण बना। मृतक के चाचा की ओर से लड़की पक्ष के लोगों को हत्या में नामजद कराया गया है। नसीम ने जुलाई 2015 में नगर के कबीर पंथी समाज के राकेश पुत्र राम सिंह की पुत्री पिंकी से प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागकर शादी कर ली थी, जिससे खफा होकर एक संप्रदाय के लोगों ने कस्बे में पंचायतों का आयोजन कर लड़की को जबरदस्ती घर से उठाकर शादी करने का आरोप लगाया था।

इस मामले में लड़की के पिता राकेश ने नामजद तहरीर देकर नसीम, फहीम, हारुन, आमिर व पिता तसलीम, माता नसरीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। दो माह बाद राकेश पर खेत में ट्यूबवेल पर जानलेवा हमला करने को लेकर राजू और अन्य के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी हुई। पुलिस का कहना है कि वारदात भी प्रेम प्रसंग की रंजिश से जुड़ी है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। नसीम की हत्या से बहन सन्नो, इशरत, साजमीन, फोजिया, शाजिया और भाई फहीम, हारून, आमिर व पत्नी आयशा का रो-रोकर बुरा हाल है। नसीम बाहर के शहरों में कपड़े का कारोबार करता था। पिछले कुछ समय से वह घर आया हुआ था।
source:au
Post a Comment
Post a Comment