धरा गया OLX पर गाड़ी बेचने के बहाने बुलाकर लूट का सरगना

गिरोह का सरगना साबिर ओएलएक्स पर अपने आप को सरकारी कर्मचारी बताकर तबादला अन्यत्र होने की कहकर ग्राहकों को गाड़ी बेचने के जाल में फंसाता था।

अलवर: ओएलएक्स पर गाड़ी बेचने के बहाने ग्राहकों को बुलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के सरगना साबिर उर्फ बहरा को सदर थाना पुलिस ने उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। साबिर की गिरफ्तारी पर अलवर पुलिस की ओर से तीन हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपित के चार अन्य साथियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।


थाना प्रभारी अजय यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि साबिर अपने साथी मुफीद उर्फ भिण्डी के साथ बाइक पर सीकरी, गोविन्दगढ़, रामगढ़ होते हुए अलवर आ रहा है। इस पर पुलिस ने छठी मील पर नाकाबंदी कराई।

इस दौरान ककराली की ओर से बाइक पर दो जने आते दिखे, जिन्हें रोक कर पूछताछ की गई तो इनमें से एक ने अपना नाम गोवर्धन, मथुरा के भण्डोरा निवासी साबिर उर्फ बहरा पुत्र जमील व कामां भरतपुर के नन्देरा निवासी मुफीद उर्फ भिण्डी पुत्र उमर बताया। तलाशी में मुफीद के पास एक देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस तथा साबिर के पास दो कारतूस मिले। आरोपित जिस बाइक पर थे, वह भी चोर की मिली।


वारदात का तरीका

पुलिस उपाधीक्षक सांवरमल नागौरा ने बताया कि गिरोह का सरगना साबिर ओएलएक्स पर अपने आप को सरकारी कर्मचारी बताकर तबादला अन्यत्र होने की कहकर ग्राहकों को गाड़ी बेचने के जाल में फंसाता था।


यह वारदातें कबूली

दस दिन पहले साबिर व उसके साथियों ने गुजरात के 3 जनों को गाड़ी खरीदने के बहाने कामां भरतपुर बुलाया और नन्देरा के जंगलों में ले जाकर 3 लाख रुपए लूट लिए।

6 जून 2017 को साबिर व उसके साथियों ने गुजरात के दो जनों को गाड़ी खरीदने के बहाने अलवर बुलाकर धोलीदूब फाटक के पास उन पर लाठियों से हमला कर दो लाख रुपए, मोबाइल व पर्स छीन लिया।


तीन माह पहले उन्होंने मध्यप्रदेश के दो युवकों को गाड़ी बेचने के बहाने ऊंटवाल बुलाकर मोबाइल लूट लिए। गनीमत ये रही कि उस समय युवकों के पास नकदी नहीं थी।

करीब तीन माह पहले गाड़ी बेचने के बहाने कटोरी वाला तिबारा के पास बुलाकर साबिर व उसके साथियों ने गुजरात के दो युवकों से 15 हजार रुपए व मोबाइल लूट लिया।
Powered by Blogger.