INDvsSL Test  LIVE: लंच के समय भारतीय टीम का स्‍कोर सात विकेट पर 503 रन
चेतेश्‍वर पुजारा ने 153 रन की बेहतरीन पारी खेली (फाइल फोटो)

























खास बातें 

पहले दिन भारत का स्‍कोर तीन विकेट पर 399 रन

चेतेश्‍वर पुजारा और अजिंक्‍य रहाणे हैं नाबाद

शिखर धवन ने 190 रन की बेहतरीन पारी खेली


गाले: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्‍ट में भारतीय टीम बेहद मजबूत स्थिति में है. पहले दिन स्‍टंप्‍स के समय टीम इंडिया का स्‍कोर तीन विकेट पर 399 रन था. दूसरे दिन देखने वाली बात यह होगी कि भारतीय टीम अपने स्‍कोर को कितना आगे ले जाने में कामयाब होती है.मैच के पहले दिन भारतीय टीम के ओपनर शिखर धवन 190 रन बनाकर आउट हुए थे और टेस्‍ट करियर का पहला दोहरा शतक चूक गए थे. दूसरे दिन चेतेश्‍वर पुजारा भी 150 रन का आंकड़ा पार करने के बाद आउट हुए. 118  ओवर के बाद भारतीय टीम का स्‍कोर सात विकेट पर 508 रन है. रवींद्र जडेजा 13 और हार्दिक पांड्या 4 रन बनाकर क्रीज पर हैं. चेतेश्‍वर पुजारा (153), अजिंक्‍य रहाणे (57), ऋद्धिमान साहा (16 ) और आर. अश्विन (47) दूसरे दिन अब तक आउट होने वाले बल्‍लेबाज हैं. पहले दिन भारतीय टीम ने अभिनव मुकुंद, शिखर धवन और विराट कोहली के विकेट गंवाए थे.

मैच के दूसरे दिन का पहला ओवर स्पिनर दिलरुवान परेरा ने फेंका जिसमें पांच रन बने. इसमें से तीन रन पुजारा के बल्‍ले से और दो रन रहाणे के बल्‍ले से आए. पारी का दूसरा ओवर तेज गेंदबाज प्रदीप ने फेंका जो कि मेडन रहा. दिन के छठे ओवर में पुजारा ने अपने 150 रन पूरे किए. प्रदीप को चौका लगाकर वे इस रन संख्‍या तक पहुंचे. उन्‍होंने इस दौरान 257 गेंदों का सामना किया और 13 चौके लगाए. इसके अगले ही ओवर में रहाणे ने हेराथ को चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. रहाणे की फिफ्टी 118 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से पूरी हुई. बहरहाल, पुजारा से दोहरे शतक की खेलप्रेमियों की उम्‍मीद पूरी नहीं हो सकी. पुजारा (153 रन, 255 गेंद, 13 चौके) का विकेट भी नुवान प्रदीप के खाते में गया. कैच विकेटकीपर डिकवेला ने लपका. चौथा विकेट 423 रन के स्‍कोर पर गिरा.

भारतीय टीम का पांचवां विकेट अजिंक्‍य रहाणे (57रन, तीन चौके) के रूप में गिरा. उन्‍हें तेज गेंदबाज लाहिरु कुमारा ने करुणारत्‍ने से कैच कराया. पांचवां विकेट 432 रन के स्‍कोर पर गिरा. इसके बाद रविचंद्रन अश्विन और ऋद्धिमान साहा की जोड़ी ने छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की लेकिन टीम का स्‍कोर 500 रन पहुंचने के पहले ही ये दोनों आउट हो गए. साहा (16) को जहां हेराथ की गेंद पर परेरा ने कैच किया, वहीं रविचंद्रन अश्विन (47 रन, 60 गेंद, सात चौके) तेज गेंदबाज प्रदीप की गेंद पर डिकवेला के हाथों कैच हुए. प्रदीप का यह पांचवां विकेट रहा. भारतीय टीम का सातवां विकेट 495 के स्‍कोर पर गिरा. लंच के समय भारतीय टीम का स्‍कोर सात विकेट पर 503 रन था. रवींद्र जडेजा 8 और हार्दिक पांड्या 4 रन बनाकर क्रीज पर थे.

गाले में दो साल पहले हारा था भारत



गाले वही स्थान है जहां भारत को दो साल पहले शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और विश्व की नंबर एक टीम बना. युवा और आक्रामक कोहली अब परिपक्व कप्तान बन गए हैं, जिनकी अगुवाई में टीम ने 2016-17 के सत्र में वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 टेस्ट मैचों में से 12 में जीत दर्ज की.



इसके साथ ही रवि शास्त्री ने दूसरी बार भारतीय टीम के महत्वपूर्ण पद पर अपनी नई पारी की शुरुआत की है.लगता है कि खिलाड़ियों ने अनिल कुंबले के पद छोड़ने और कोच चयन प्रक्रिया को लेकर चले नाटकीय घटनाक्रम को पीछे छोड़ दिया है.



वीडियो : यह बोले टीम इंडिया के नए कोच रवि शास्‍त्री


दोनों टीमें इस प्रकार हैं..

भारत: शिखर धवन, अभिनव मुकुंद, चेतेश्‍वर पुजारा, विराट कोहली (कप्‍तान), अजिंक्‍य रहाणे, हार्दिक पांड्या, ऋद्धिमान साहा, आर.अश्विन, रवींद्र जडेजा, मो.शमी, उमेश यादव.
श्रीलंका: उपुल थरंगा, डी.करुणारत्‍ने, कुसल मेंडिस, डी.गुणतिलका, एजेंलो मैथ्‍यूज, असेला गुणरत्‍ने, निरोशान डिकवेला, दिलरुवान परेरा, रंगना हेराथ (कप्‍तान), नुवान प्रदीप, लाहिरु कुमारा.
Powered by Blogger.