डिजीटल इंडिया मुहिम के तहत कोटा जिला परिषद, डूंगरज्या, ढोटी, रंगपुर, गडे़पान, नीमोदा, चौमा मालियान ग्राम पंचायत, इटावा, सुल्तानपुर व सांगोद पंचायत समितियां वाईफाई हो गई है।
कोटा: डिजीटल इंडिया मुहिम के तहत शहर की तरह ग्राम पंचायतें अब वाई-फाई होने लगी है। इससे विभागों में अधिकारियों व कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। साथ ही आमजन भी इसका लाभ उठा सकते हैं। कोटा जिले में कुल 10 ग्राम पंचायतों को वाई-फाई किया गया है। इसमें एक निजी कम्पनी से वाईफाई का सेट लगवाया गया है। इसमें सौ मीटर के दायरे में नेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी जबकि डाटा अनलिमिटेड मिलेगा।
वाई-फाई जोन के लिए पंचायत के सरकारी भवनों पर टावर लगाए गए हैं। इसके संचालन के लिए ग्राम पंचायत कम्पनी को एक हजार रुपए प्रति माह भुगतान करेगी।
यह पंचायतें वाईफाई
जिला परिषद अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता लोकेश दाधीच ने बताया कि जिला परिषद, डूंगरज्या, ढोटी, रंगपुर, गडे़पान, नीमोदा, चौमा मालियान ग्राम पंचायत, इटावा, सुल्तानपुर व सांगोद पंचायत समितियां वाईफाई हो गई है।
जिला परिषद सीईओ जुगलकिशोर मीणा का कहना है कि डिजीटल इंडिया मुहिम के तहत 10 ग्राम पंचायतों को वाई-फाई किया गया है। इससे कर्मचारियों के साथ आमजन को भी लाभ मिलेगा।
यह मिलेगा फायदा
कम पैसे में अधिक डेटा मिलेगा। गांवों में कमजोर इंटरनेट सेवा से मुक्ति मिलेगी। गांवों में कनेक्टीविटी की सुविधा बढ़ेगी। कम कीमत पर इंटरनेट का फायदा। डिजिटलाइजेशन के दौरान कैशलेस लेनदेन व सुविधा वाले एप के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण विद्यार्थियोंं को ऑनलाइन आवेदन, परीक्षा की सुविधा मिलेगी।