नई दिल्ली: पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने आज कहा कि उसने उपभोक्ताओं का जमा 1 लाख रुपये के पार होते ही उसे फिक्स्ड डिपॉजिट में तब्दील करने के लिए इंडसइंड बैंक से करार किया है। 

कंपनी ने जारी बयान में कहा कि उपभोक्ता कभी भी बिना किसी शुल्क का भुगतान किए अपनी जमा राशि की निकासी कर सकते हैं। साथ ही इस राशि पर 6.85 प्रतिशत तक सालाना ब्याज का भी लाभ पा सकते हैं।

इसके अलावा यदि कोई उपभोक्ता मच्योरिटी अवधि से पहले वरिष्ठ नागरिक हो जाता है तो उनका खाता स्वत: वरिष्ठ नागरिक योजना में बदल जाएगा। उन्हें अधिक ब्याज मिलेगा। 

पेटीएम पेमेंट्स बैंक की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेनू सत्ती ने कहा, 'अधिकांश भारतीय सुरक्षित निवेश योजनाएं पसंद करते हैं जिनमें उन्हें अधिक कमाई की संभावना दिखती है। हमारी पेशकश में उन्हें कागजी काम से राहत मिलेगी तथा सबसे पसंदीदा निवेश का बिना शुल्क तत्काल निकासी का भी लाभ मिलेगा।' 

आपको बता दें कि पिछले साल मई में पेटीएम ने पेमेंट बैंक की सुविधा शुरू की थी। कुछ दिनों पहले ही कंपनी ने घोषणा की है कि उसके यहां अकाउंट खोलने के लिए मिनिमम बैलेंस की जरूरत नहीं है और लोग जीरो बैलेंस पर भी अपना खाता खुलवा सकते हैं।

डाउनलोड करें Dainik Khabare APP और रहें हर खबर से अपडेट।


दैनिक खबरे से जुड़े हर ताज़ा अपडेट पाने के लिए DainikKhabare.com के फ़ेसबुक पेज को लाइक करें

Post a Comment

Powered by Blogger.