नई दिल्ली। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावति' को लेकर देशभर में अब भी विवाद जारी है। वहीं अब इस फिल्म को विदेशों में रिलीज किए जाने को लेकर 28 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई की जाएगी। गौरतलब है कि एडवोकेट एसएल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर फिल्म के निर्माताओं पर अदालत को गुमराह करने का आरोप लगाया है। वहीं फिल्म को एक दिसंबर के दिन देश के बाहर रिलीज करने पर रोक लगाने की मांग की है।
गौरतलब है कि ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावति' की 1 दिसंबर को होने वाली रिलीज पर भारत में स्थगित कर दिया गया है। वहीं ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (बीबीएफसी) ने आज इस फिल्म को मंजूरी दे दी है। बीबीएफसी से मिली मंजूरी के बाद विवादों में घिरी इस फिल्म को ब्रिटेन में एक दिसंबर के दिन ही रिलीज किया जाएगा।
बीबीएफसी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक 'पद्मावती' को ब्रिटेन में बगैर किसी कट से रिलीज किया जाएगा। गौरतलब है कि ऐतिहासिक तथ्यों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ को लेकर रूढ़िवादी समूह फिल्म का विरोध कर रहे हैं। भंसाली ने हालांकि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से इनकार किया है।
आपको बता दें कि संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' रिलीज होने से पूर्व निर्माण के दौरान से ही विवादों से घिरी रही है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर ने अहम भूमिका निभाई है, जिस वजह से यह तीनों कलाकार भी विरोधियों के निशाने पर हैं। पूर्व में भी फिल्म के विरोध में फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ जयपुर के आमेर में मारपीट की जा चुकी है।

Post a Comment

Powered by Blogger.