कार्तिक अमावस्या पर दीपावली गुरु-चित्रा संयोग में 19 अक्टूबर को हर्षोल्लास से मनाई जाएगी। शुभ मुहूर्त में देवी महालक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। शाम को दीपमालाएं सजाई जाएंगी और पटाखों से आसमान रोशन होगा।
ज्योतिर्विद् पं. ओम वशिष्ठ के अनुसार इस बार दीपावली पर 27 साल बाद गुरु-चित्रा नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इसके बाद गुरु-चित्रा नक्षत्र का संयोग दिवस पर्यंत रहेगा। इससे पहले गुरु-चित्रा का संयोग 1990 में बना था। अब चार साल बाद 2021 में दोबारा इस संयोग में दीपावली मनाई जाएगी।
प्रदोषकाल शाम को 2 घंटे 5 मिनट रहेगा। रात 8 बजे से चार ग्रह सूर्य, चंद्र, बुध और गुरु तुला राशि में होंगे। सुबह 7.25 तक हस्त नक्षत्र रहेगा। दीपावली पर शहर के महालक्ष्मी मंदिरों में विशेष पूजन किया जाएगा। माता का श्रंगार कर मंदिर में साज-सज्जा होगी। राजवाड़ा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में देर रात तक दर्शन-पूजन का क्रम चलेगा।
पूजन सामग्री के सजे बाजार
पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। धानी, कील-बताशे, गन्नो, कमलगट्टे, सिंघाड़े, फूलमालाओं, लक्ष्मीजी का पाना, शुभलाभ और स्वस्तिक के छापे आदि की जमकर बिक्री हुई। राजवाड़ा, संजय सेतु, दशहरा मैदान, मालवा मिल, पाटनीपुरा, विजयनगर में अस्थायी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही।
बंगाली समाज करेगा काली पूजा
ओमविहार कॉलोनी स्थित बंगाली समाज काली पूजन करेगा। सार्वजनिक काली माता पूजा कमेटी के प्रमुख कमल जाना और संयोजक जयदेव घड़ा ने बताया कि 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजे चल समारोह निकाला जाएगा। दोपहर में भजन कीर्तन होंगे। और 20 को तड़के 4 बजे पुष्पांजलि के बाद महाआरती होगी।
महिलाओं ने बनाई रांगोली
संस्था सृजन द्वारा नरक चतुर्दशी पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें हजारों महिलाओं ने भाग लिया। इसमें धर्म-संस्कृति, राष्ट्रीयता के साथ चीनी सामग्री का विरोध भी नजर आया। अध्यक्ष कमलेश खंडेलवाल और संयोजक गोविंद गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए महिलाओं ने अपने घर के आंगन में रंगोली बनाई। इसमें महावीरबाग, रामचंद्र नगर, सुखदेव नगर, वृंदावन कॉलोनी अदि स्थान की महिलाओं ने भाग लिया।
Post a Comment
Post a Comment