चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते हैं, सत्ताधारी पार्टियां लोकलुभावन योजनाएं लागू करने लगती हैं. कर्नाटक में बुधवार को शुरु हुई इंदिरा कैंटीन को भी आप इसी श्रेणी में रख सकते हैं. कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को राज्य की राजधानी बंगलुरु में इस कैंटीन का फीता काटा.
कहा जा रहा है कि कर्नाटक को भूख से बचाने और श्रमिक वर्ग, गरीब प्रवासियों को सस्ती दरों पर भोजन मुहैया कराने के लिए इंदिरा कैंटीन की शुरुआत की गई है. शुरुआती दौर में यहां कुल 101 कैंटीन हर दिन 5 रुपये में शाकाहारी टिफिन (नाश्ता) और 10 रुपये में दोपहर का भोजन और इसी दाम में रात का भोजन लोगों को खिलाएंगी.
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ही इस कैंटीन का ऐलान किया था. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कहा, ‘मुझे यह घोषणा करने में खुशी हो रही है कि बुधवार से बेंगलुरु में इंदिरा कैंटीन खुलने जा रही है, जहां हर दिन शहर के श्रमिक और गरीब प्रवासी सस्ते में भोजन करेंगे.’
मुख्यमंत्री के पास ही वित्त मंत्रालय है. उन्होंने चालू वित्त वर्ष (2017-18) में सभी 198 वार्डों में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के प्रसिद्ध ‘अम्मा’ कैंटीन की तर्ज पर कैंटीन चलाने के लिए बजट में प्रावधान किया है.
Post a Comment
Post a Comment