हिमाचल प्रदेश के स्पीति घाटी में स्थित है दुनिया का सबसे ऊंचा गांव किब्बर गांव। समुद्र तल से 4850 मीटर की ऊंचाई पर बसा यह गांव हिमाचल प्रदेश के स्पीति घाटी में है। प्रदेश की राजधानी शिमला से तकरीबन 430 किलोमीटर दूर किब्बर गांव में कई बौद्ध मठ हैं।
कैसे पहुंचे
किब्बर में बनी मॉनेस्ट्री सबसे ऊंचाई पर बनी है। किब्बर पहुंचने के लिये कुंजम दर्रे से होकर स्पीति घाटी पहुंचना होता है। इसके बाद का 12 किलोमीटर का रास्ता बेहद कठिन है। लोसर गांव में पहुंचते ही ताजगी का अहसास होता है। स्पीति नदी के दाईं ओर स्थित लोसर, स्पीति घाटी का पहला गांव है। स्पीति उपमंडल के मुख्यालय काजा से किब्बर महज 20 किलोमीटर दूर है। यहां रास्ते में जगह-जगह आपको बर्फ जमी मिलेगी।
पहले काजा जाना होगा
दिल्ली से तकरीबन 730 किलोमीटर दूर किब्बर जाने के लिए काजा पहुंचना होगा। यहां बस स्टैंड के पास कई होटल हैं। यहां आप होटल में ठहर सकते हैं। यहां से किब्बर जाने के लिए आपको 1000 रुपये में टैक्सी या कैब मिल जाएगी। टैक्सी शेयर करने की भी सुविधा मिलेगी। यहां अधिकतर टाटा सूमो गाड़ी ही कैब में चलती हैं। काजा से एक घंटे में किब्बर पहुंचा जा सकता है।
यहां आकर सैलानी यहां की प्राकृतिक छटा, अनूठी संस्कृति, निराली परंपराओं और बौद्ध मठों के बीच खुद को एक नई दुनिया में पाते हैं। एक बार अगर आप किब्बर की ट्रिप करेंगे तो जिंदगीभर यहां की ताजगी नहीं भूल सकेंगे। काजा के किब्बर को जाने वाले इस रास्ते में कई बौद्ध मठ भी पड़ते हैं।
महीनों बाद होती है बारिश
किब्बर में बारिश हुए महीनों बीत जाते हैं। यहां के बाशिंदे सिर्फ बर्फ देखते हैं। यहां बर्फ इतनी गिरती है कि कई-कई फुट मोटी तहें जम जाती हैं। बर्फबारी होने पर किब्बर दुनिया से कट सा जाता है। यहां जाने का रास्ता बेहद खूबसूरत है। सड़क को ढके हुए पहाड़ों के बीच से गुजरना कभी न भूलने वाला पल होता है।