विराट कोहली के साथ बार-बार क्यों हो रहा है ऐसा, लो! अब कर दी ये बड़ी गलती
विराट कोहली ने एक बड़ी भूल कर दी। जिसके बाद अब उनका सोशल मीडिया पर खूब मज़ाक उड रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। लगता है टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के दिन आजकल ठीक नहीं चल रहे हैं। आजकल वो अपने खेल को लेकर कम लेकिन सोशल मीडिया में ट्रॉल होने की खबरों को लेकर ज़्यादा सुर्खियां बटोरते रहते हैं। पहले रवि शास्त्री के भारतीय टीम के कोच बनने के बाद वो ट्रॉल हो रहे थे तो अब उन्होंने खुद ही एक बड़ी गलती कर दी और फिर ट्रॉल होने लगे।
कोहली ने कर दी ये गलती
महिला विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेल गए मैच में अपने नाम सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि को हासिल करने पर उन्हें क्रिकेट के दिग्गजों से बधाई मिल रही है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने भी उन्हें बधाई दी, लेकिन बधाई देते समय कोहली एक गलती कर बैठे। उन्होंने मिताली की जगह फोटो किसी और की लगा दी।
विराट ने फिर ऐसे सुधारी अपनी भूल
विराट ने मिताली को अपने फेसबुक और ट्विटर अकाउंट से बधाई दी। कोहली ने फेसबुक पर लिखा, ‘भारतीय क्रिकेट का एक गौरवशाली क्षण, आज मिताली राज महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। चैंपियन स्टफ!’ कोहली ने भारतीय महिला कप्तान को फेसबुक के अलावा ट्विटर पर भी बधाई दी। हालांकि दोनों जगह संदेश एक ही था लेकिन फेसबुक अकाउंट पर उन्होंने भारतीय महिला टीम की कप्तान मिताली राज की जगह पूनम राउत की फोटो लगा दी। हालांकि, गलती समझ आने पर उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट भी कर दी।
कोहली की इस गलती को सोशल मीडिया यूजर्स ने पकड़ लिया और फिर उनका जमकर मज़ाक उड़ाया। इस फोटो में किए गए कमेंट में आप देख सकते हैं कि फेसबुक यूजर्स ने कोहली को बताया कि उन्होंने गलती से पूनम राउत की फोटो लगा दी है। मिताली राज के नाम महिला क्रिकेट में कई उपलब्धियां दर्ज हैं। 6 हजार रनों का आंकड़ा छूने पर उन्हें सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली समेत कई और लोगों ने भी बधाई दी।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। फिलहाल टीम की सेमीफाइनल में जाने की उम्मीद बनी हुई है। 6 मैचों में भारतीय टीम को 4 में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है। मिताली की टीम को नॉकआउट में जगह बनाने के लिए अब न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना अगला और अंतिम मैच जीतना होगा।
आपको बताते चलें कि मिताली राज ने हाल ही में एक पत्रकार को उनके पसंदीदा पुरुष क्रिकेटर का नाम पूछे जाने पर टोक दिया था और कहा था कि कभी पुरुष क्रिकेटरों से यह सवाल पूछा है। मिताली की नाराजगी इस बात पर थी कि महिला क्रिकेटरों को पुरुषों के बराबर अहमियत नहीं मिलती है। अब विराट कोहली ने मिताली ती जगह पूनम की फोटो लगाकर मिताली की इस बात को ठीक साबित कर दिया है। जब टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ही अपने देश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की कप्तान को नहीं पहचानेंगे तो आम क्रिकेट फैन से क्या उम्मीद की जाए।
Post a Comment
Post a Comment