Related image

लंदन। फ्रांस के नक्शेकदम पर चलते हुए ब्रिटेन ने भी 2040 से नई डीजल और पेट्रोल गाड़ियों की बिक्री बंद करने का फैसला किया है। सरकार की योजना इसके अगले 10 साल में इन गाड़ियों को सड़कों से पूरी तरह हटाने की है। हालांकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने कदम को अपर्याप्त बताया है।
ब्रिटिश सरकार पर वायु प्रदूषण से निपटने के लिए कदम उठाने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सरकार इस संबंध में कुछ संगठनों से कानूनी लड़ाई भी हार चुकी है। हाल ही में चुनाव से पहले सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी ने 2050 तक सभी कारों और वाहनों को प्रदूषण मुक्त करने की बात कही थी।
पर्यावरण मंत्री माइकल गोव ने बुधवार को कहा, '2040 तक कोई नया डीजल या पेट्रोल वाहन नहीं होगा।' गोव ने कहा कि सरकार स्थानीय प्रशासन को डीजल कारें हटाने के लिए 20 करोड़ पौंड (करीब 1,678 करोड़ रुपये) का सहयोग भी देगी। उल्लेखनीय है कि दुनियाभर में प्रदूषण से निपटने के लिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में फ्रांस सरकार ऐसी घोषणा कर चुकी है। वहीं जर्मनी के दो शहरों स्टटगर्ट और म्यूनिख ने भी कुछ डीजल गाड़ियों पर प्रतिबंध की घोषणा की है। इसी महीने वाहन निर्माता कंपनी वोल्वो ने कहा था कि 2019 के बाद से कंपनी में बनी हर गाड़ी में इलेक्ट्रिक इंजन होगा।
Powered by Blogger.